शुरू होगा इंटरलॉक का काम, तीन मई तक लोग झेलेंगे परेशानी
गोरखपुर। रेल प्रशासन की ओर से तीसरी लाइन के निर्माण और यार्ड रिमॉडलिंग के लिए 12 अप्रैल से चल रहे मेगा ब्लॉक में शनिवार से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। शनिवार से इंटरलॉक का काम शुरू हो जाएगा। इससे गोरखपुर से दिल्ली जाने वाली प्रमुख ट्रेन गोरखधाम एक्सप्रेस और वाराणसी व प्रयागराज जाने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस का संचलन शनिवार से तीन मई तक बंद रहेगा। ब्लॉक को देखते हुए रोडवेज ने 100 अतिरिक्त बसों के इंतजाम किए हैं। इस रूट पर यात्री अधिक होंगे उस रूट पर बसों को चला दिया जाएगा।
रेलवे प्रशासन की ओर से तीसरी लाइन और यार्ड रिमॉडलिंग के 14वें दिन शनिवार को 34 ट्रेनें निरस्त रहीं। वहीं 64 ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहा। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी दिल्ली जाने वाले यात्रियों को उठानी पड़ी। गोरखधाम एक्सप्रेस शुक्रवार को भी प्लेटफाॅर्म नौ की जगह दो नंबर प्लेटफाॅर्म से रवाना हुई।
गोरखधाम के जनरल कोच में बैठने के लिए दोपहर से ही लाइन लगनी शुरू हो गई थी। प्लेटफाॅर्म के पूर्वी और पश्चिमी ओर लोगों की कतार लगाई गई थी। इस बीच करीब साढ़े तीन बजे ट्रेन प्लेटफाॅर्म दो पर आकर लगी। इस दौरान आरपीएफ के जवान डटे रहे। ट्रेन लगने के बाद आरपीएफ के जवानों ने यात्रियों को जनरल कोच में बैठाना शुरू कर दिया। इस बीच सीट की तुलना में कई गुना अधिक यात्री होने से कोच के भीतर अफरा-तफरी का माहौल दिखा।
कोच में बैठे राजकुमार ने बताया कि ट्रेन का टिकट कंफर्म नहीं हो सका, इसलिए जनरल कोच से जाना पड़ रहा है। इस बीच तय समय से आठ मिनट की देरी से यह ट्रेन रवाना हो गई। वैशाली, बिहार संपर्कक्रांति, सप्तक्रांति समेत दिल्ली और मुंबई वाली ट्रेनों में यात्रियों की बड़ी संख्या में भीड़ देखने को मिली।
.............
साढ़े तीन घंटे की देरी से रवाना हुई संपर्क क्रांति
मेगा ब्लॉक के दौरान करीब साढ़े तीन घंटे की देरी से दिल्ली जाने वाली बिहार संपर्क क्रांति प्लेटफाॅर्म दो से रवाना हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन का इंतजार करते हुए दिखाई दिए। ट्रेन आने के बाद उन्होंने राहत की सांस ली। सप्तक्रांति एक्सप्रेस में अपने तय समय से करीब ढाई घंटे की देरी से रवाना हुई। वैशाली एक्सप्रेस भी अपने तय समय से 37 मिनट की देरी से रवाना हुई।
.............
प्लेटफाॅर्म पर किए गए काम
ब्लॉक के दौरान उत्तरी और दक्षिणी लाइन बंद रही। साढ़े पांच घंटे के ब्लॉक में कौवाबाग अंडरपास के साथ ही धर्मशाला के समीप तीसरी लाइन का काम किया गया। प्लेटफाॅर्म सात, आठ और नौ पर भी काम हुआ। इससे इन तीन प्लेटफाॅर्म से ट्रेनों का आवागमन बंद रहा। यहां से चलने वाली ट्रेनें दो, तीन और चार नंबर प्लेटफाॅर्म से चलाई गईं।
.....................
आज गोरखपुर से नहीं चलेंगी ये प्रमुख ट्रेनें
- 12555 गोरखपुर-बठिंडा गोरखधाम एक्सप्रेस
- 15004 गोरखपुर-कानपुर अनवरगंज चौरीचौरा एक्सप्रेस
- 15105/15106 छपरा-नौतनवा-छपरा एक्सप्रेस
- 15131 गोरखपुर-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस
- 05131 गोरखपुर-बहराइच विशेष गाड़ी
- 15080/15079 गोरखपुर-पाटलिपुत्र-गोरखपुर एक्सप्रेस
- 15050 गोरखपुर-कोलकाता एक्सप्रेस
- 15002 देहरादून-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस
- 18630 गोरखपुर-रांची एक्सप्रेस
- 11038 गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस
- 20104 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस
- 12571 गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस
- 15028 गोरखपुर-संबलपुर एक्सप्रेस
- 12591 गोरखपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस
- 13508 गोरखपुर-आसनसोल एक्सप्रेस
- 18206 नौतनवा-दुर्ग एक्सप्रेस
..................
ऋषिकेश के लिए चलेगी समर स्पेशल ट्रेन
गोरखपुर। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए 04304/04303 योग नगरी ऋषिकेश-गोरखपुर-योग नगरी ऋषिकेश ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष गाड़ी का संचलन योग नगरी ऋषिकेश से 10 मई से 12 जुलाई तक प्रत्येक शनिवार को और गोरखपुर से 11 मई से 13 जुलाई तक प्रत्येक रविवार को 10 फेरों के लिए किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि 04304 योग नगरी ऋषिकेश-गोरखपुर ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष गाड़ी 10 मई से प्रत्येक शनिवार को ऋषिकेश से अपराह्न 15.20 बजे प्रस्थान कर अगली सुबह सुबह 06.20 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी यात्रा में यह गाड़ी 11 मई से प्रत्येक रविवार गोरखपुर से सुबह 09.00 बजे प्रस्थान कर रात 11:45 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।