दो बच्चों संग खुदकुशी करने वाली पूजा के पति डब्लू हैदराबाद से पहुंचे घर
चिलुआताल पुलिस घर जाकर करेगी पूछताछ, डब्लू ने खुद को बताया निर्दोष
जगतबेला (गोरखपुर)। पूजा के कहने पर मैंने मां-बाप को छोड़ दिया, उसका अलग इंतजाम किया, लेकिन उसने मुझे जिंदगीभर का दर्द दे दिया। मेरा तो पूरा वंश ही खत्म हो गया। अब किसके लिए हैदराबाद जाकर कमाउंगा, किसके सहारे रहूंगा।
सोमवार को पत्नी और दो बच्चों की मौत की सूचना पर हैदराबाद से डब्लू अपने डोहरिया स्थित घर पहुंचे, तब कुछ इस तरह अपना दुख व्यक्त किया। डब्लू ने बताया कि वह पत्नी से बहुत परेशान थे। वह बहुत जिद्दी थी, हमेशा गलत बात बोलती थी, लेकिन एक कान से सुनकर दूसरे से निकाल देता था।
डब्लू ने कहा-जिंदा रहते पत्नी हमेशा अभद्रता करती रही, कभी भी ठीक से बात नहीं की। फिर भी कुछ नहीं बोलता था। अपने बच्चों का देखता था, पूजा जो भी कहती थी, उसे पूरा करता था। वह इतना बड़ा कदम उठा लेगी, यह विश्वास नहीं हो रहा है। जिंदगी भर बुरा बर्ताव किया, दुनिया से जाने के बाद भी मुझे फंसाकर गई। यहां आने पर पता चला है कि मेरे और परिवार के सदस्यों के खिलाफ ससुराल के लोगों ने केस दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर ले, निर्दोष ही मिलूंगा। इधर, घर पहुंचे पति से अब चिलुआताल पुलिस पूछताछ करेगी।
ससुराल वाले दे रहे धमकी
डब्लू ने कहा-ससुराल वाले मुझे धमका रहे हैं कि बेटी को मार डाले अब हमलोग तुमको मार डालेंगे। पत्नी से पीड़ित था, कभी मैंने किसी को कुछ भी नहीं बताया। मुझे लगा कि आगे चलकर व्यवहार में सुधार आ जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हो पाया। अब ससुराल वाले केस दर्ज कराकर मारने की धमकी दे रहे हैं।
आखिरी बार की थी वीडियो कॉल पर बात
डब्लू ने बताया कि ट्रेन के आगे दो बच्चों संग कूदने से पहले पूजा (30) से आखिरी बार वीडियो कॉल पर बात हुई थी। वीडियो कॉल करके मनाने की कोशिश भी की थी, लेकिन इसके बाद भी पूजा ने मोबाइल स्वीच ऑफ कर अमन (08) और राधा (05) के साथ ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी थी। बताया कि आज तक अपना बैंक में खाता नहीं खुलवाया। पूजा के नाम पर बैंक में खाता था। हैदराबाद में रहकर जो भी कमाता था, वह पूजा के बैंक खाते में डाल देता था। महीने में कभी 15 हजार तक तो कई बार 20 हजार से अधिक खाते में जमा कर देता था।
यह है मामला
चिलुआताल इलाके के डोहरिया बाजार के डब्लू की पत्नी पूजा (30) सोमवार शाम को अमन और बेटी राधा को लेकर घर से निकली। मानीराम रेलवे पुल के पास शाम को 05:22 बजे गोंडा-गोरखपुर डेमू ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। ट्रेन चालक ने मानीराम के स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर चिलुआताल पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। महिला की पहचान होने के बाद उसके घरवालों को सूचना दी गई। पूजा अपने सास बुटका देवी और ससुर नारायण के साथ बच्चों को लेकर रहती थी।