देवरिया जिले के करहकोल घाट का रहने वाला था
सरदारनगर। झंगहा थानाक्षेत्र के गहिरा गांव में पत्नी से विवाद के बाद देवेंद्र (40) ने फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना पर पहुंची झंगहा पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के लिए शव को कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, देवरिया जिले करहकोल घाट निवासी देवेंद्र पुत्र चंद्रभान गहिरा गांव में गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर किराये पर रहता था और मजदूरी करके जीवन यापन करता था। शनिवार की सुबह पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद वह बाहर चली गई। इसके बाद देवेंद्र कमरे में फंदे से झूल गया। पत्नी घर लौटी तो पति को फंदे से लटकते देख रोने-बिलखने लगी।
इसके बाद परिजनों ने उसे फंदे से नीचे उतारा। राज्यसभा सांसद संगीता यादव ने अचेतावस्था में युवक को अपनी गाड़ी से सीएचसी पहुंचाया, जहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पर चिकित्सा अधीक्षक ने मेमो के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के लिए शव को कब्जे में ले लिया। झंगहा थाना प्रभारी जयंत सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।