किशोरी के बयान के आधार पर बढ़ाई गई दुष्कर्म और पाॅक्सो एक्ट की धारा
गोरखपुर। कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम 15 वर्षीय किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया। आरोपी 40 वर्षीय युवक ने किशोरी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया। सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किशोरी को खोजकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी के बयान के आधार पर केस में दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं हैं।
किशोरी रविवार को घर से कुछ सामान लेने निकली थी, लेकिन देर तक लौटकर नहीं आई। परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की और मोहल्ले के एक व्यक्ति पर शक जताया, जो देर शाम से घर से गायब था। परिवार ने पुलिस को सूचना दी। एसपी सिटी अभिनव त्यागी के निर्देश पर कोतवाली थाना पुलिस ने देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया और शहर के बाहरी इलाके से आरोपी को पकड़ लिया। किशोरी को पकड़कर परिवार को सौंप दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी और किशोरी की पहले से जान-पहचान थी। मोबाइल फोन के माध्यम से आरोपी कुछ दिनों से किशोरी से संपर्क में था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि रविवार को उसने किशोरी को झांसे में लेकर बुलाया था। पुलिस ने बताया कि दो समुदाय से संबंधित होने के कारण मामला संवेदनशील था, लेकिन सुरक्षा और त्वरित कार्रवाई के साथ किशोरी को सुरक्षित घर लौटाया गया।