सदर तहसील के 25 हजार से ज्यादा लोगों को मिली सहूलियत
राजस्व परिषद को भेजी गई है पांच गांवों की सूची, सभी खतौनी में अंश निर्धारण भी पूरा
गोरखपुर। सदर तहसील में चकबंदी वाले 17 गांवों में 11 गांवों की खतौनी अब रियल टाइम हो गई है। लोगों को खतौनी मिलने भी लगी है। करीब 25 हजार लोगों को राहत मिली है। वहीं पांच गांवों का सर्वे कराकर तैयार मैनुअल रिपोर्ट से डेटा मिलान कर राजस्व परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। लेकिन अभी खतौनी ऑनलाइन नहीं हो सकी है। जबकि एक गांव की सर्वे रिपोर्ट अभी मिलान नहीं हो पाई है।
तहसील प्रशासन ने चकबंदी के बाद विवाद हल होने पर 17 गांवों का सर्वे कराकर सही डेटा तैयार कराया था। इनमें ज्यादातर गांव नदी के पास वाले हैं। नए फसली वर्ष के अनुसार इन गांवों का डेटा तैयार किया गया है। जुलाई से लेकर सितंबर तक तहसील में एक-एक गांव का डेटा गाटा संख्या के अनुसार मिलान कराया गया। इसके बाद राजस्व परिषद से भू-लेख की वेबसाइट पर अपलोड किया गया। इन गांवों की खतौनी को ऑनलाइन कर दिया गया है। खतौनी में अंश निर्धारण भी कर दिया गया है। इसके अलावा दो दिन पहले ही तालनवर गांव का भी सर्वे रिपोर्ट तहसील को मिल गया है। कंप्यूटराइज्ड खतौनी तैयार करने के लिए सदर तहसीलदार ज्ञान प्रताप सिंह ने मुख्य राजस्व अधिकारी को पत्र लिखकर इसके लिए अनुमति मांगी है। साथ ही ग्राम कोड भी उपलब्ध कराया है। सदर तहसीलदार के मुताबिक जल्द ही तालनवर गांव की खतौनी को कंप्यूटराइज्ड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
-
इन गांवों की अभी रियल टाइम नहीं हुई खतौनी
आभूराम, सुग्माटारी एहतमाली, अहिरौली, भौरामल, मीरपुर तप्पा गौरा
-
इन गांवों की मिलने लगी खतौनी
पोतहरा, मटियारी, जंगल महताब राय, बेतउवा उर्फ चनऊ, जिंदापुर, पिपरी एहतमाली, कुई, चेरिया, लालपुर टीकर एहतमाली, डोमनी, पिपरी मुश्तकिल।