राजघाट, बड़हलगंज और कैंपियरगंज के करमैनी घाट पर भारी पुलिस बल और सीसीटीवी निगरानी
एडीजी और डीआईजी ने किया घाटों का निरीक्षण, गोताखोर भी किए गए तैनात
गोरखपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को शहर के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटेगी। इसके लिए पुलिस ने तैयारियां कर ली है। राजघाट, बड़हलगंज और कैंपियरगंज के करमैनी घाट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरे लगाकर भीड़ पर नजर रखेगी। घाट के आसपास गोताखोरों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
एडीजी गोरखपुर जोन और डीआईजी ने मंगलवार को घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, गश्ती और गोताखोरों की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में शीघ्र कदम उठाए जाएं। पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष मार्ग बनाए जाने और भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग का इस्तेमाल करने को कहा। घाटों पर मेडिकल और आपातकालीन सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि पूरी तैयारी कर ली गई है। रात्रि में ही पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। इसके साथ ही सर्किल अफसर लगातार गश्त करते रहेंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी असामान्य स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इसी तरह सीसीटीवी निगरानी, गश्त और गोताखोरों की ड्यूटी के साथ कार्तिक पूर्णिमा पर घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।