दो शिक्षकों की जानकारी में छात्र-छात्रा के भागने की चर्चा
शिक्षकों पर छात्रा के विचार बदलने के लिए प्रेरित करने के भी आरोप
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कला संकाय के एक छात्र-छात्रा के भाग जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में एक विचारधारा से प्रेरित कर छात्रा को भगा ले जाने के आरोप लगे हैं। छात्रा के विचार बदलने का आरोप दो शिक्षकों पर भी हैं। इसके बाद खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि कला संकाय के छात्र-छात्रा दो दिन पहले यूनिवर्सिटी आए थे और यहां से भाग गए। इसकी शिकायत छात्रा के परिजनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस से भी की है। हालांकि इस मामले में तहरीर अभी नहीं दी गई है। एक खास विचारधारा से प्रेरित कर छात्रा को भगा ले जाने की सूचना के बाद खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। चर्चा है कि मामले में मंगलवार को आईबी और एलआईयू ने भी विश्वविद्यालय में पहुंचकर जानकारी ली।
मामले को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। चर्चा है कि दो शिक्षकों की भूमिका को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में खूब चर्चा हो रही है। उन्हें विचार परिवर्तन कराने के लिए जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। मामले को छात्र-छात्रा का व्यक्तिगत मामला बताकर विश्वविद्यालय के जिम्मेदार कुछ भी बताने से कतरा रहे हैं। इस संबंध में विश्वविद्यालय के मुख्य नियंता डॉ. टीएन मिश्र से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।