पीड़ित के बेटे ने बैटरी लेकर आने वाले के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर
हरपुर बुदहट। थाना चौराहा पर स्थित एक वेल्डिंग की दुकान में शुक्रवार को इनवर्टर बैटरी अचानक फट गई। इससे दुकानदार शिवानंद गुप्ता की एक आंख की रोशनी चली गई। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति बैटरी लेकर आया और टर्मिनल (बैटरी का किनारे का एक हिस्सा) काटने को कहा। काटते समय बैटरी फट गई। पीड़ित के बेटे शिवम ने तहरीर देकर बैटरी लेकर आने वाले के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है।
ग्राम पंचायत बुदहट निवासी शिवम गुप्ता ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि पिता शिवानंद की थाना चौराहे पर वेल्डिंग की दुकान है। शुक्रवार को सहजनवां थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुआवल निवासी एक व्यक्ति दुकान पर इनवर्टर की बैटरी लेकर आया। पिता से जबरन बैटरी का टर्मिनल काटने के लिए कहा। पिता ने कहा कि यह इलेक्ट्रिशियन का काम है वही इसको काट सकते हैं। लेकिन वह जबरन बैटरी का टर्मिनल कटवाने लगा। इस दौरान बैटरी ब्लास्ट कर गई। इससे पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही उनको पहले सदर अस्पताल गोरखपुर ले गए फिर लखनऊ केजीएमयू में पहुंचे। वहां डाक्टरों ने बताया कि एक आंख में गंभीर घाव होने से इनकी रोशनी चली गई है। घटना के बाद आरोपी व्यक्ति ने इलाज कराने की बात कही लेकिन कोई मदद नहीं की। शिवम ने सोमवार को थाने में तहरीर देकर केस दर्ज करने की गुहार लगाई है। एसओ मदन मोहन मिश्रा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।