कैंट थाने में युवती ने दर्ज कराया केस, पुलिस कर रही जांच
गोरखपुर। बैंक में क्रेडिट कार्ड बंद करने का प्रार्थना पत्र देने वाली महिला काे कॉल कर जालसाज ने खाते से दो लाख रुपये उड़ा दिए। खुद को बैंक कर्मी बताकर एक लड़की ने फोन किया और क्रेडिट कार्ड का आखिरी चार अंक व नाम पता बताकर महिला को विश्वास में लिया और फिर जालसाजी कर दी। कैंट थाने की पुलिस सोमवार को केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पंजाबी कॉलोनी निवासी राधिका त्रिपाठी ने केस दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि एसबीआई ब्रांच मोहद्दीपुर से क्रेडिट कार्ड बनवाया था, जिसका उपयोग बहुत ही कम कर पाती थी, लेकिन चार्ज के नाम पर काफी पैसे कट जा रहे थे। ब्रांच से उन्हें कस्टमर केयर का नंबर दिया गया। कुछ दिन बाद एक नंबर से काॅल कर क्रेडिट कार्ड बंद करने के बारे में जानकारी ली गई। महिला के सहमति जताने पर कहा गया कि कुछ दिन बाद आपका कार्ड बंद कर दिया जाएगा।
09 मार्च की शाम चार बजे के करीब महिला के पास एक रिद्धि नाम की महिला की कॉल आई। उसने बताया कि वह गुड़गांव से बोल रही है, और क्रेडिट कार्ड के बारे में बात करनी है। नाम व पता कंफर्म कराने के बाद बोली कि आपका क्रेडिट कार्ड बंद हो गया है। आपके जो भी पैसे कटे हैं, वह वापस आ जाएंगे। इसके बाद कॉल करके बताया कि आपको दूसरा कार्ड भेज दिया गया है। महिला ने बताया कि उस बीच मेरे पर कोरियर के माध्यम से एसबीआई से कार्ड आया था। उसने कहा कि अब मैं इसे एक्टिव करके लिमिट बढ़ा दे रही हूं। इसके बाद फिर ओटीपी मांगी और कई बार में दो लाख रुपये निकाल लिए।
इस संबंध में एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि केस दर्ज कर पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।