वायरल वीडियो में पहले बेटे संग कहासुनी करते दिख रहा है आरोपी बाप
गोली से निकले छर्रा से बहु हुई थी घायल, मेडिकल कॉलेज में है भर्ती
गोरखपुर। कोतवाली क्षेत्र के चौतीसा गांव में शनिवार को शराब के नशे में धुत सेवानिवृत होमगार्ड का बेटे से हुए विवाद का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें पहले होमगार्ड ने बेटे से कहासुनी करता हुआ दिख रहा है। कुछ देर बाद घर से लाइसेंसी दो नाली बंदूक से बेटे पर एक फायर झोंक देता है। इससे बेटे की मौत हो जाती है। वहीं उससे निकलने वाले छर्रा से उसकी छोटी बहू घायल हो जाती है। उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। बता दें कि बीते शनिवार की रात सेवानिवृत होमगार्ड हरि यादव का उसके बड़े बेटे अनूप नारायन यादव से कहासुनी के बाद गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद लोग यह चर्चा करते हुए मिले कि हरि यादव शुरु से ही अपने बड़े बेटे से खार खाए रहता था। आए दिन बड़े बेटे से उसका विवाद होता रहता था।
पासपोर्ट नहीं मिला, छोटा पुत्र दुबई से नहीं आ सका
पिता की तरफ से की गई फायरिंग में बड़े भाई की मौत और छर्रे से पत्नी सुप्रिया के घायल होने की सूचना के बाद छोटा बेटा जीत नारायन घर आने के लिए बैचेन हो उठा। वह रविवार को ही कंपनी में जमा किया गया पासपोर्ट लेकर गांव आने की कोशिश में था, लेकिन पासपोर्ट नहीं मिलने से वह नहीं आ सका। वह लगातार प्रयासरत है, लेकिन अभी महज तीन माह होने के चलते कंपनी उसका पासपोर्ट नहीं उपलब्ध करा पा रही है। इसके लिए जीत नारायन लगातार अधिकारियों से संपर्क कर रहा है।