पीड़ित जवान ने हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों के खिलाफ दर्ज कराया केस
गुलरिया। थाना क्षेत्र के बनगाई में हिस्ट्रीशीटर ने साथियों संग मिलकर 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ में तैनात जवान की बाउंड्रीवॉल गिराकर प्लॉट पर कब्जा करने का प्रयास किया। पीड़ित जवान ने हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
मूलरूप से महराजगंज के ठूठीबारी तुरकहिया निवासी रामप्रवेश गुप्ता 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ में दीवान के पद पर तैनात हैं। रामप्रवेश ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2020 में पत्नी पाना देवी व भाई गौतम गुप्ता के नाम से 1,438 वर्ग फुट जमीन गुलरिहा के बनगाई में लिया था। दाखिल खारिज होने के बाद उस जमीन पर चार फुट की बाउंड्रीवॉल का निर्माण करा दिया था। आरोप है कि 11 जुलाई को बनगाई निवासी हिस्ट्रीशीटर रामधनी निषाद ने अपने साथी रवि प्रताप यादव के कहने पर जेसीबी लगाकर बाउंड्रीवाल को गिरा दिया। उन्होंने इसकी शिकायत गुलरिहा थाने में की। गुलरिहा पुलिस ने दोनों आरोपियाें के खिलाफ संपत्ति नुकसान का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।