राजघाट पुल से डोमिनगढ़ पुल तक 4.07 किलोमीटर फोरलेन का चल रहा निर्माण
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने शासकीय अभियंता, तहसीलदार व कानूनगो के साथ निरीक्षण कर मामला निपटाया
लोगों की सहमति लेकर मंदिर व मस्जिद को अन्यत्र विस्थापित करने की तैयारी में पीडब्ल्यूडी
गोरखपुर। राजघाट हार्बर्ट बांध से डोमिनगढ़ पुल तक फोरलेन सड़क निर्माण में रुकावट बन रहे पांच मंदिर और तीन मस्जिद को विस्थापित करने का रास्ता साफ हो गया है। मामला निपटने से अब निर्माण कार्य तेज होने की संभावना बढ़ गई है।
राजघाट पुल से डोमिनगढ़ पुल तक 4.07 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण चल रहा है। 195 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे फोरलेन से शहर में ट्रैफिक की समस्या को कम करने में मदद करेगी। फोरलेन निर्माण के लिए अभी तक 360 लोगों से जमीन व मकान की रजिस्ट्री कराई जा चुकी है। कुल 455 से अधिक लोगों की जमीन की रजिस्ट्री करनी है। जमीन रजिस्ट्री होने के साथ-साथ हार्बर्ट बांध के किनारे मिट्टी भराई का काम तेजी चल रहा है। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-2 को फोरलेन के निर्माण की जिम्मेदारी मिली है। पीडब्ल्यूडी 9-9 मीटर चौड़ीकरण के बाद सड़क के दोनों तरफ डेढ़-डेढ़ मीटर का नाला व एक मीटर का डक्ट बनवा रहा है। इधर, फोरलेन के निर्माण की जद में आ रही जमीन व कुछ मकान को लेकर विवाद चल रहा था। यही नहीं निर्माण कार्य में पांच मंदिर व तीन मस्जिद बाधक भी बन रहे थे।
बुधवार को पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अरविंद सिंह ने शासकीय अभियंता, तहसीलदार सदर व कानूनगो के साथ बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंच निरीक्षण किया। इस दौरान विवादित जमीन व मकान के मालिकों से वार्ता कर मामले को सुलझा दिया। इसके बाद रास्ते में पड़ रहे पांच मंदिरों को अन्यत्र विस्थापित करने व तोड़ने के लिए स्थानीय लोगों से वार्ता की। वार्ता के दौरान लोगों ने सहमति दे दी। इसके बाद विभाग मंदिर को दूसरी जगह विस्थापित करने की तैयारी में जुट गया।
एक्सईएन अरविंद सिंह ने बताया कि राजघाट पर हार्बर्ट बंधा से डोमिनगढ़ तक 4.2 किमी सड़क को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया चल रही है। जमीन व कुछ मकान को लेकर विवाद था, जिसे बातचीत के आधार पर हल कर लिया गया है। रास्ते में पड़ रहे मंदिर व मस्जिद को दूसरी जगह विस्थापित कर तेज गति से फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य कराया जाएगा।