डुमरी खास निवासी दीपक गुप्ता की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत
सहजनवां में ऑटो की ठोकर से बुजुर्ग महिला की गई जान
सरदारनगर/पाली। जिले में दो अलग-अलग थानाक्षेत्रों में हुए सड़क दुर्घटनाओं में घायल दो लोगों की मौत हो गई। एक हादसे में गल्ला व्यापारी दीपक गुप्ता (28) की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि दूसरे हादसे में ऑटो की ठोकर से घायल प्रभावती देवी (60) ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गौनर गांव के पास तीन दिन पूर्व अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से डुमरी खास चौराहा निवासी दीपक गुप्ता (28) गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद उसे इलाज के लिए पहले एम्स, फिर लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार अपराह्न तीन बजे उसकी मौत हो गई। दीपक गल्ला व्यापार करता था और दो छोटी बेटियों का पिता था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव लेकर देर रात थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
वहीं दूसरी ओर सहजनवां थाना क्षेत्र के ग्राम सजनापार निवासी प्रभावती देवी (60) मंगलवार की रात ग्राम हासपाटी के पास एक ऑटो की ठोकर से घायल हो गई थीं। उन्हें गंभीर हालत में बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रभावती देवी मजदूरी करके गुजर-बसर करती थीं। उनके पीछे दो बेटियां हैं, जिनमें से एक मानसिक रूप से अस्वस्थ है। थाना प्रभारी सहजनवां महेश चौबे ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।