भारत सरकार ने प्रदान की ओएनओएस की सदस्यता, छात्रों-शिक्षकों के लिए शोध पत्रिकाओं तक होगी पहुंच
प्रमुख 30 अंतरराष्ट्रीय प्रकाशकों के शोध होंगे उपलब्ध
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने भारत सरकार की ''''''''वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन'''''''' योजना के तहत सदस्यता प्राप्त की है। इसके तहत विश्वविद्यालय के छात्र, संकाय सदस्य और शोधकर्ता अब 30 प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रकाशकों की ओर से प्रकाशित 13,000 से अधिक शोध पत्रिकाओं तक निशुल्क डिजिटल पहुंच प्राप्त कर सकेंगे।
योजना का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर ई-जर्नल और शोध डेटाबेस की सदस्यता प्राप्त करना है। ताकि देशभर के छात्र, शिक्षाविद और शोधकर्ता विश्व स्तरीय शोध सामग्री तक निर्बाध रूप से पहुंच सकें। यह योजना एक जनवरी 2025 से लागू की गई है। पहला चरण 2027 तक चलेगा।
वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन का संचालन सूचना एवं पुस्तकालय नेटवर्क (इनफि्लबनेट) केंद्र की ओर से किया जाएगा, जो विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अधीन एक स्वायत्त अंतर-विश्वविद्यालय केंद्र है। इसके माध्यम से लगभग 1.8 करोड़ छात्र, शिक्षाविद, शोधकर्ता और वैज्ञानिक उच्च गुणवत्ता वाली अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं तक डिजिटल पहुंच प्राप्त करेंगे। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि यह पहल विशेष रूप से टियर-2 और टियर-3 शहरों के शोधकर्ताओं के लिए लाभकारी होगी और पूरे देश में मौलिक एवं बहु-विषयक अनुसंधान को बढ़ावा देगी।
कोट...
वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन योजना एक क्रांतिकारी पहल है, जो भारत की उच्च शिक्षा और अनुसंधान को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में मजबूत बनाएगी। योजना के माध्यम से डीडीयू के छात्र और शोधकर्ता विश्व स्तरीय अकादमिक संसाधनों तक निर्बाध रूप से पहुंच सकेंगे। इससे शोध की गुणवत्ता में अभूतपूर्व सुधार होगा।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति