राज्यस्तरीय मंडलीय माध्यमिक विद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता का हुआ समापन
जिले के 20 पहलवानों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई
गोरखपुर। रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही चार दिवसीय राज्यस्तरीय माध्यमिक विद्यालयी बालक-बालिका कुश्ती प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। इसमें वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर और मेरठ मंडल संयुक्त रूप से ओवरऑल चैंपियन बने।
प्रतियोगिता के बालिका अंडर-14 फ्री स्टाइल में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर ने 29 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वारणसी 21 अंक के साथ दूसरे और नौ अंकों के साथ गोरखपुर मंडल की टीम तीसरे स्थान पर रही। बालिका अंडर-17 फ्री स्टाइल कुश्ती में मेरठ मंडल 24 अंकों के साथ पहले, स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर 12 अंकों के साथ दूसरे और मुरादाबाद की टीम 11 अंक अर्जित कर तीसरे स्थान पर रही। बालिका अंडर-19 फ्री स्टाइल में वाराणसी मंडल 27 अंक अर्जित कर पहले, मेरठ मंडल 18 अंकों के साथ दूसरे और मुरादाबाद ने नौ अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बालक अंडर-14 फ्री स्टाइल कुश्ती में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर 26 अंक पाकर प्रथम स्थान, स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई 15 अंकों के साथ दूसरे और 14 अंक के साथ मेरठ मंडल तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-17 बालक वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर 41 अंक पाकर पहले, 32 अंक के साथ मेरठ दूसरे और 29 अंक के साथ स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-19 बालक वर्ग में मेरठ मंडल सर्वाधिक 45 अंक पाकर अव्वल रहा। गोरखपुर की टीम 35 अंक पाकर दूसरे, 26 अंक पाकर सहारनपुर की टीम तीसरे स्थान पर रही।
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। समारोह की अध्यक्षता संयुक्त शिक्षा निदेशक सतीश सिंह व संचालन डॉ. दिनेश मणि त्रिपाठी व अजय शुक्ल ने किया। इस अवसर पर सुभाष राय, डॉ. अरुण सिंह, डॉ. अरुणेंद्र राय, संतोष सिंह, अभय प्रताप सिंह, अमीरुद्दीन अंसारी, आलोक श्रीवास्तव, जय प्रकाश यादव व विवेकानंद मिश्र आदि मौजूद रहे।
..............
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए पहलवानों का हुआ चयन
इस प्रतियोगिता के आधार पर राष्ट्रीय माध्यमिक विद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता के लिए 80 पहलवानों का चयन किया गया। इसमें वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज समेत गोरखपुर मंडल के 20 खिलाड़ियाें का चयन हुआ है। इसमें स्पोर्ट्स कॉलेज के बालक के विभिन्न आयु वर्ग में रघुराज प्रताप, प्रियांशु, अमन, सत्यवीर, निकेश, अंगद, अभिषेक यादव, विकेश, रोहित, हिमांशु, मुकेश, अभिषेक, अमित यादव, अमित कुमार, पवन और बालिका वर्ग में अंशिका यादव, रागिनी, अनुष्का सिंह, अंशिका, प्रीति यादव का चयन हुआ है। क्षेत्रीय क्रीड़ांगन के आशीष यादव, सौरभ यादव, सत्यम यादव, विनीत यादव और सत्यम पाल का चयन हुआ है।
...................
समापन समारोह के दौरान हुए दो मुकाबले
समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के समक्ष दो फाइनल मुकाबले खेले गए। पहले मैच में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर के अमित यादव ने गोरखपुर मंडल के आदित्य यादव को पराजित कर गोल्ड मेडल जीता। दूसरे मैच में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर के अमित कुमार ने बरेली के रमन को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।