- शाहपुर इलाके का मामला, सफेद स्कूटी से पहुंचा था आरोपी, हेलमेट लगाकर छिपाई पहचान
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर क्षेत्र में गोड़धोइया पुल के पास रविवार को ग्राहक बनकर आए एक शातिर ने किराना दुकान से मोबाइल फोन और करीब 4500 रुपये की नकदी उड़ा दी। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
शाहपुर के जंगल मातादीन निवासी अजय त्रिपाठी की गोड़धोइया पुल के पास किराना की दुकान है। अजय के मुताबिक, रविवार सुबह पूर्वांह्न 11 बजे सफेद स्कूटी सवार एक व्यक्ति दुकान पर पहुंचा। वह एक पैर से दिव्यांग नजर आ रहा था। आरोपी ने कुछ सामान के दाम पूछे। इसी दौरान अजय सामान लेने दुकान के अंदर चले गए। आरोप है कि उनके अंदर जाते ही युवक ने काउंटर पर रखा मोबाइल फोन और गल्ले में रखे करीब 4500 रुपये निकाल लिए। इसके बाद वह स्कूटी से भाग गया। अजय लौटे तो चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी अंजय प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।