भटहट-बांस स्थान फोरलेन किनारे हो रहा था नाले का निर्माण
भटहट। भटहट-बांस स्थान फोरलेन निर्माण कार्य इन दिनों तेजी से चल रहा है। शुक्रवार को बड़हरिया गांव के सामने नाली निर्माण के लिए जेसीबी से खोदाई की जा रही थी। इसी दौरान करीब 20 की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने मुआवजा न मिलने और जमीन की रजिस्ट्री न होने का आरोप लगाते हुए आपत्ति जताई। विरोध के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि सोमवार को किसानों की जमीन की रजिस्ट्री के बाद नाला निर्माण शुरू किया जाएगा।
बड़हरिया गांव निवासी अख्तर, मजहर, नसुरुल्लाह, लाल बहादुर निषाद, रामचंद्र, कबीर और सुलेमान का आरोप है कि बिना जमीन की रजिस्ट्री किए नाली निर्माण के लिए जेसीबी से खोदाई कराई जा रही थी, जो सरकारी नियमों के विरुद्ध है। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता से बातचीत की, जिसके बाद खोदाई का कार्य बंद करा दिया गया। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता उमाशंकर ने बताया कि किसानों को सोमवार को रजिस्ट्री के लिए बुलाया गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा।