अपर निदेशक ने कार्यक्रमों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की पहल को मिली सराहना
गोरखपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के प्रेरणाश्री सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति (कार्यकारी समिति) की बैठक में जनपद के यूपी हेल्थ डैशबोर्ड रैंकिंग में चौथा स्थान प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण ने इसे बेहतर मॉनिटरिंग और टीमवर्क का परिणाम बताया।
बैठक में बालिका समृद्धि पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित एनीमिया जांच, बीएमआई आकलन, सेनेटरी नैपकिन वितरण व स्वास्थ्य ही संपदा गोष्ठियों की सराहना की गई। 19 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कार्यक्रमों से किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ी। नवाचार के रूप में अपनाए गए हब एवं स्पोक सैंपल ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम से 15 हजार से अधिक लोगों को समय पर जांच सुविधा मिली। व्यवस्था का दायरा और बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
एमआर अभियान व आयुष्मान योजना पर जोर
16 से 27 फरवरी तक प्रस्तावित खसरा-रूबेला अभियान की तैयारियां समय से पूरी करने और जननी सुरक्षा योजना के तहत सुरक्षित प्रसव बढ़ाने के निर्देश दिए गए। आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को कैशलेस उपचार सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।