गोला थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस मामले की कर रही छानबीन
गोला। थाना क्षेत्र के कुसहा गांव में एक व्यक्ति के बैंक खाते से जुड़े मोबाइल का दुरुपयोग कर 4.87 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाने का मामला सामने आया। पीड़ित अरविंद उपाध्याय की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दिलीप महतो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अरविंद उपाध्याय का यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, गोला स्थित खाता उनके मोबाइल नंबर से जुड़ा हुआ है। अरविंद मेघालय में वाहन चलाते हैं और मोबाइल का उपयोग नहीं कर पाते। उनके पड़ोस में बिहार राज्य के मुजफ्फरनगर जनपद, औराई थाना क्षेत्र के राजखंड कोरियाई टोला निवासी दिलीप महतो रहता है, जो क्रेन ऑपरेटर है।
अरविंद ने बताया कि 26 नवंबर को दिलीप ने उनका मोबाइल ले लिया। चार दिन बाद मोबाइल का सिम बदलने पर पता चला कि 26 से 28 नवंबर के बीच दिलीप ने उनके खाते से अलग-अलग खातों में कुल 4,87,006 रुपये ट्रांसफर कर दिए। अरविंद ने बताया कि वे कम पढ़े-लिखे हैं और मोबाइल चलाना नहीं जानते, इसलिए जरूरत पड़ने पर दिलीप से ही मोबाइल चलवाते थे। दिलीप को मोबाइल का पासवर्ड और पिन पता था, जिसका उसने फायदा उठाकर रुपये ट्रांसफर किए और मोबाइल बंद कर गायब हो गया।
कोतवाल राकेश रोशन सिंह ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश और धन की रिकवरी की कोशिश की जा रही है।