- हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस कर रही जांच
हरपुर बुदहट। थाना क्षेत्र के एक विद्यालय में इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा के दौरान बेंच पर बैठने को लेकर छात्रों के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित अभिभावकों ने शनिवार को हरपुर बुदहट थाने में विद्यालय प्रबंधक समेत 12 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
सिकरीगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले अरुण कुमार और नरेंद्र ने बताया कि उनके पुत्र किशन और अभिषेक इंटरमीडिएट के छात्र हैं। उनकी रसायन विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा छह फरवरी को हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के एक विद्यालय में आयोजित की गई थी। आरोप है कि प्रैक्टिकल के दौरान कक्षा में सीट पर बैठने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद विद्यालय प्रबंधक की मौजूदगी में 10 से अधिक लोगों ने मिलकर दोनों छात्रों के साथ मारपीट की और शिकायत पर जान से मारने की धमकी दी।
थानाध्यक्ष विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि अभिभावकों की तहरीर पर विद्यालय प्रबंधक शंभूनाथ द्विवेदी निवासी भेउसा, मुकेश, अर्पित, राकेश (सेमरडाड़ी, थाना खजनी), अनुज मौर्या (ग्राम रेहरवा), सुमित मौर्या (साखडाड़), विवेक मौर्या (कुटियाड़), सूरज पाल (महिलवार, थाना खजनी) और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।