ट्रेनों में बर्थ फुल होने के साथ ही प्राइवेट बस संचालकों ने बढ़ा दिया किराया
12 और 13 मार्च को निजी बस से दिल्ली जाने के लिए नहीं मिल रहे यात्री, आने वालों को नहीं मिल रही सीट
गोरखपुर। होली पर निजी बसों से दिल्ली और पंजाब की ओर से आने वाले यात्रियों की जेब ज्यादा ढीली हो रही है। ट्रेनों की सीटें फुल होते ही बस संचालकों ने टिकट बुकिंग की बढ़ती मांग को देख किराया तीन गुना तक बढ़ा दिया है। जो टिकट सामान्य दिनों में एक हजार से 1500 रुपये के मिलते हैं। वह इन दिनों 3500 से चार हजार रुपये में मिल रहे हैं। जो सामान्य दिनों के फ्लाइट के टिकट के बराबर है। बात करें गोरखपुर से दिल्ली जाने वाली बसों के टिकट की तो इनके टिकट के दाम में भारी गिरावट आई है। 12 और 13 मार्च में दिल्ली के टिकट सिर्फ चार सौ रुपये में ही मिल जा रहे हैं।
गोरखपुर से दिल्ली के लिए नौसड़ और बाघागाड़ा से वर्तमान में करीब 100 से अधिक निजी स्लीपर बसें चल रही हैं। होली पर बस संचालकों ने फ्लाइट की तरह सीट की उपलब्धता के आधार पर बसों किराया भी बढ़ा दिया है। जैसे-जैसे सीटें कम होती जाएंगी, वैसे-वैसे टिकटों के दाम भी बढ़ते जाएंगे। पूरे मार्च तक में सीट के लिए मारामारी जारी रहेगी।
जाफरा बाजार के रहने वाले राम प्रताप दिल्ली में रहकर निजी कंपनी में काम करते हैं। दिवाली पर वह घर नहीं आ सके थे। होली पर घर आने के लिए उन्होंने ट्रेन से टिकट बुक करना चाहा, लेकिन टिकट नहीं बुक होने पर उन्होंने 3500 रुपये में निजी बस का टिकट बुक किया है। बशारतपुर के रहने वाले बबलू दिल्ली में रहकर एक कंपनी में काम करते हैं। ट्रेन का टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने तीन हजार रुपये के स्लीपर बस की टिकट बुक कराई थी।