दादी, चाचा और बहन घायल, आरोपियों पर पुलिस ने शुरू की जांच
गीडा। गीडा थाना क्षेत्र के एक गांव में दिवाली की शाम युवती से छेड़छाड़ के बाद उसके परिजनों पर हमला होने से हड़कंप मच गया। घटना में पीड़िता की दादी, चाचा और बहन घायल हो गए। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता काली माता के मंदिर पर दीया लगाने जा रही थी। रास्ते में गांव के कुछ मनबढ़ युवकों ने उस पर छींटाकशी, अपशब्द और अश्लील हरकत की। युवती घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने अपने परिजनों के साथ लाठी-डंडा, रॉड, चाकू लेकर पीड़िता के घर पर पहुंचे और हमला कर दिया। हमले में पीड़िता की दादी के पीठ में चाकू लगा। चाचा के हाथ में चोटें आईं और बहन के सिर में चोटें आईं। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और पीड़ितों को प्राथमिक इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक गीडा अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपी और उनके सहयोगियों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।