गोरखपुर। कालेसर के पास स्थित गीडा सेक्टर 13 में अधिग्रहित भूमि पर एक फर्म ने अनाधिकृत निर्माण करा रखा था, जिसे बुधवार को गीडा प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान निर्माण कार्य को बुलडोजर से ढहाया गया। बताया जा रहा है कि पिछले साल भी यहां अतिक्रमण हटवाया गया था, लेकिन कुछ हिस्से पर अवैध कब्जा बना हुआ था।
गीडा के औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-13 में ग्राम कालेसर के अंतर्गत लगभग डेढ़ एकड़ भूमि गीडा ने वर्ष 2010 में अधिग्रहित की थी। इस भूमि पर मेसर्स जास इंटरनेशनल की तरफ से बिना आवंटन और बिना मानचित्र स्वीकृत कराए ही निर्माण कर लिया गया था। अनाधिकृत निर्माण को हटाने के लिए तत्कालीन अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी / पीठासीन अधिकारी ने 12 सितंबर 2019 को निर्देशित किया था। इसके बाद कई अनाधिकृत निर्माण को हटाने के लिए नोटिस दिया गया।
पिछले साल 17 अगस्त को अनाधिकृत निर्माण को हटाया गया। उस समय अतिक्रमण करने वाली फर्म ने वहां स्थापित फैक्टरी से मशीनों को हटाने के लिए 15 दिन का समय मांगा था। बाद में मशीन एवं अन्य सामान को हटाया गया लेकिन भवन नहीं हटा था। बुधवार को गीडा प्रशासन ने अनाधिकृत निर्माण को हटाकर भूमि पर कब्जा किया।