गुलरिहा पुलिस ने गाजियाबाद निवासी हर्ष चौहान उर्फ योगी हर्षनाथ को पकड़ा
गोरखनाथ पुलिस ने 17 फरवरी को गाजियाबाद और महराजगंज के दो आरोपियों पर लगाया था गैंगस्टर
गोरखपुर। योगी काॅर्पोरेशन नामक फर्म बनाकर धर्म के नाम पर चंदे का धंधा करने के गैंगस्टर आरोपी को गुलरिहा पुलिस ने गाजियाबाद से बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गाजियाबाद जिले के मधुबन बापूधाम थाना के स्वर्ण जयंतीपुरम निवासी हर्ष चौहान उर्फ योगी हर्षनाथ के रूप में हुई। पूछताछ के बाद आरोपी को बृहस्पतिवार देर शाम जेल भिजवा दिया गया।
गोरखनाथ थाने में दर्ज गैंगस्टर केस की विवेचना कर रहे गुलरिहा थाना प्रभारी जीतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अवैध रूप से योगी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया नाम से फर्म बनाकर धर्म के नाम पर रुपये लेने की शिकायत मिली थी। इसके बाद वर्ष 2023 में गाजियाबाद के हर्ष चौहान उर्फ योगी और महराजगंज के पनियरा थाना के सतगुरु मजुरी निवासी केदारनाथ उर्फ योगी केदारनाथ के खिलाफ गोरखनाथ थाने में केस दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि आरोपियों पर 17 फरवरी 2025 को गैंगस्टर एक्ट का केस दर्ज किया गया। इसके बाद से ही आरोपियों की तलाश चल रही थी।
इस तरह कर रहे थे धंधा
पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद और महाराजगंज के दोनों आरोपी मिलकर जालसाजी करते हैं। उन्हाेंने योगी काॅर्पोरेशन ऑफ इंडिया नाम से फर्म का पंजीकरण कराया। धर्म के नाम पर आमजन के साथ धोखाधड़ी कर अपने बैंक खाते में रुपये जमा कराते हैं। इसके अलावा अनाथ और बीमारी से जूझ रहे लोगों की मदद करने के नाम पर भी अपने निजी खाते में लोगों से रुपये जमा कराते थे। गाजियाबाद के हर्ष चौहान पर गोरखपुर में दो केस दर्ज हैं। गाजियाबाद और महाराजगंज की पुलिस से संपर्क करके आरोपियों की संपत्ति का ब्योरा भी पुलिस जुटा रही है। बहुत जल्द अवैध संपत्ति पर जब्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन
गैंगस्टर एक्ट में एक जालसाज को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरोह बनाकर धर्म के नाम पर लोगों से अपने बैंक खाते में रुपये जमा करवाता था। दूसरे आरोपी की तलाश चल रही है।
-रवि कुमार सिंह, सीओ, गोरखनाथ
धर्म के नाम पर ठगी में जोड़
सरेंडर की तैयारी में दूसरा आरोपी
धर्म के नाम पर जालसाजी करने का दूसरा आरोपी केदारनाथ उर्फ योगी सरेंडर की तैयारी में है। उसने सिविल कोर्ट में सरेंडर करने के लिए प्रार्थना पत्र भी डाला है। इसको लेकर पुलिस टीम भी लग गई है, ताकि सरेंडर से पहले उसे गिरफ्तार कर लिया जाए। गुलरिहा पुलिस आरोपी के घर महाराजगंज के पनियरा थाना के सतगुरु मजुरी में कई बार दबिश भी दी है।