गोरखपुर। महाकुंभ में गीता प्रेस के कैंप लगाए जाएंगे, जहां श्रद्धालुओं को धार्मिक पुस्तकों का लाभ मिलेगा। 10 जनवरी तक ट्रकों के माध्यम से गीता प्रेस की किताबें इन कैंप तक पहुंच जाएंगी। इस बार गीता प्रेस लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से धार्मिक साहित्य उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा गीता प्रेस की विशेष पुस्तिका ''''''''महाकुंभ पर्व'''''''' भी उपलब्ध कराई जाएगी, जो महाकुंभ और अर्धकुंभ के महत्व को समझाने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
यह पुस्तिका पांच रुपये में उपलब्ध होगी और इसमें महाकुंभ के धार्मिक व आध्यात्मिक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा। कैंप में श्रीमद्भगवद्गीता, रामचरितमानस, पुराण और अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक ग्रंथ विभिन्न भाषाओं में उपलब्ध होंगे, ताकि हर भाषा-क्षेत्र के श्रद्धालु इसे प्राप्त कर सकें।
गीता प्रेस के ट्रस्टी देवीदयाल अग्रवाल ने बताया कि नई आधुनिक मशीनों की मदद से अब बड़ी संख्या में किताबें छापना संभव हो पाया है। इस बार गीता प्रेस का लक्ष्य महाकुंभ में पांच करोड़ रुपये की लागत से लाखों श्रद्धालुओं तक धार्मिक साहित्य पहुंचाना था, लेकिन परिसर में जगह की कमी के कारण यह संभव नहीं हो सका।
.....
कोट
गीता प्रेस के कैंप में श्रीमद्भगवद्गीता, रामचरितमानस, पुराण और अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक ग्रंथ अलग-अलग भाषाओं में उपलब्ध होंगे, ताकि हर भाषा-क्षेत्र के श्रद्धालु लाभ उठा सकें।
- देवी दयाल अग्रवाल, ट्रस्टी, गीता प्रेस