गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बुधवार को लोहिया एंक्लेव का निरीक्षण किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि विभिन्न ब्लॉक में टॉयलेट से लगाए गए कास्ट आयरन के सीआई पाइप के ज्वाइंट से हो रही लीकेज को दूर करने के लिए प्राधिकरण उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन से वार्ता बाद पीवीसी पाइप लगाए जाएंगे।
प्राधिकरण उपाध्यक्ष आनंद वर्धन के निर्देश पर प्रभारी मुख्य अभियंता लोहिया एंक्लेव आवंटी संघर्ष समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह की शिकायत पर सोसाइटी के निरीक्षण के लिए गए थे। उनके साथ लोहिया सोसाइटी के प्रभारी सहायक अभियंता राजबहादुर सिंह और उनकी टीम भी थी। निरीक्षण के दौरान सोसाइटी वासियों ने विभिन्न ब्लॉक में पानी लीकेज, मुख्य चौराहे के पास पानी लीकेज, पूर्व एवं दक्षिण तरफ बाउंड्री वॉल के निर्माण, भवनों के रंगरोगन, सभी नालियों को ढके जाने, इंटरलॉकिंग की मरम्मत, पार्कों के सुंदरीकरण एवं विकास, ब्लॉक नंबर पैंतीस के पीछे के पार्क की सफाई, ब्लॉक अड़तीस, उन्तालीस के पीछे बढ़ी घास की कटाई के साथ पूरे परिसर की नालियों की सफाई की मांग की।
प्रभारी मुख्य अभियंता ने आश्वस्त किया कि पूर्व एवं दक्षिण तरफ से बाउंड्रीवॉल के निर्माण का प्रस्ताव तैयार हो गया है, जिसे प्राधिकरण उपाध्यक्ष की स्वीकृति के बाद आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही अन्य समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान संघर्ष समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, राजेंद्र प्रसाद गुप्त, कुंवर भगत सिंह, प्रदीप सिंह एवं विवेक चतुर्वेदी समेत अन्य कॉलोनीवासी मौजूद रहे।