पिपराइच। थाना क्षेत्र के कस्बे में एटीएम कार्ड बदलकर नौ हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से जालसाजों की तलाश में जुटी है।
पिपराइच निवासी अमर यादव ने बताया कि उन्होंने सोमवार दोपहर भतीजे सन्नी को एटीएम से रुपये निकालने के लिए भेजा था। सन्नी बैंक ऑफ बड़ौदरा के एटीएम में रुपये निकालने के लिए पहुंचा। एटीएम मशीन में रुपये नहीं हाेने पर वह पड़ोस में एसबीआई एटीएम में चला गया। वहां पहुंचते ही पीछे से दो अज्ञात व्यक्ति एटीएम के पास आ गए। पीड़ित ने रुपये निकालने के लिए पिन नंबर मशीन में डाला। एटीएम से रुपये नहीं निकले। इसी बीच वहां मौजूद दोनों शातिरों ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद वह निराश होकर घर जाने लगा। तभी उसके मोबाइल पर रुपये निकलने का मैसेज आया। आरोप है कि जब तक एटीएम पहुंचता जालसाज भाग निकले। युवक की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से जांच शुरू कर दिया है।