बंगलूरू पुलिस ने भेजा नोटिस, साइबर थाने की पुलिस ने खाताधारकों से की पूछताछ
गोरखपुर। फर्जी खाता (म्यूल अकाउंट) के जरिये एक महिला समेत तीन मजदूरों के खाते में जालसाजी के एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम आई है। बंगलूरू में लोगों से ठगी कर रकम खातों में भेजी गई है। बंगलूरू पुलिस ने केस दर्ज कर गोरखपुर पुलिस के जरिये तीनों खाता धारकों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि पांच हजार रुपये कमीशन का लालच देकर महिला समेत तीन लोगों का खाता खुलवाया गया था। साइबर थाने की पुलिस ने बताया कि महिला से पूछताछ के बाद पता चला है कि खाते में रुपये आने के बाद कोड बताना होता था और ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर हो जाते थे। इसके बाद एक बार में दो से पांच हजार रुपये कमीशन दिए जाते थे। महिला ने ही लालच देकर दो अन्य लोगों का खाता बैंक में खुलवाया था। तीनों में छोटा मोटा काम और मजदूरी करते हैं।
साइबर थाने की पुलिस के मुताबिक, बंगलूरू में एक बड़े कारोबारी के साथ ठगी की घटना हुई है। बंगलूरू पुलिस की जांच में गोरखपुर की महिला समेत दो अन्य के नाम सामने आए हैं। पता चला है कि महिला के खाते में 40 लाख रुपये से अधिक की रकम आई है। साथ ही दो अन्य खातों में भी 40-40 लाख रुपये आए हैं। सभी खातों को फ्रीज करने के साथ ही जांच शुरू कर दी गई है।
डेढ़ वर्ष पहले खोला गया था खाता
पता चला है कि पिछले डेढ़ वर्ष पहले इन खातों को खोला गया था। तब से कई बार जालसाजी की रकम का टर्नओवर हुआ है। जालसाजों का पूरा नेटवर्क है और रकम आने के चंद दिन बाद ऑनलाइन ट्रांसफर किया जाता है। इसके लिए खाता धारक पांच हजार रुपये पाकर कोड बता देते थे। फिर जालसाज रकम को अपने खाते में ले लेते थे। जांच में पता चला है कि महिला पैडलेगंज के पास रहती है। उसका एक रिश्तेदार वहीं पर ठेला लगाता है। मामले में एसपी क्राइम सुधीर जायसवाल ने बताया कि नोटिस आने के बाद जांच की जा रही है।