बेलीपार और चौरीचौरा पुलिस की कार्रवाई, अलग-अलग मामलों में केस दर्ज
महावीर छपरा/ सरदारनगर। दुर्गा पूजा पंडालों के पास अश्लील हरकत कर रहे युवकों पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। बुधवार रात दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अश्लील हरकत करते पांच युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
पहला मामला बेलीपार थाना क्षेत्र के चेरिया गांव का है। यहां दुर्गा पंडाल के पास महिलाओं और युवतियों को देखकर अश्लील हरकत कर रहे युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान चेरिया निवासी कुलदीप निषाद के रूप में हुई है। वहीं दूसरा मामला चौरीचौरा थाना क्षेत्र का है। यहां बुधवार रात मेले में आए लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ युवक महिलाओं और लड़कियों पर अश्लील फब्तियां कस रहे हैं और भद्दे गाने गा रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान चौरा निवासी हर्ष, दिलनवाज, रियाज अहमद और गौरीबाजार के गोविंदपुर निवासी संजय पासवान के रूप में हुई है। सीओ चौरी चौरा अनुराग सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक स्थल पर अश्लील हरकत करने और माहौल बिगाड़ने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।