सिविल इंजीनियरिंग और गणित विभाग के विद्यार्थियों का हुआ है चयन
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) के पांच छात्रों का चयन एआईसीटीई डॉक्टोरल फेलोशिप के लिए हुआ है। सिविल इंजीनियरिंग विभाग के छात्र आशी द्विवेदी, प्रतीक दुबे, अरविंद पासवान, अक्षत और गणित विभाग की छात्रा सुप्रिया सिंह का अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद नई दिल्ली की प्रतिष्ठित एआईसीटीई डॉक्टोरल फेलोशिप के लिए चयनित हुए हैं।
अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद नई दिल्ली के तरफ से टेक्निकल ग्रेजुएट्स को पीएचडी के लिए प्रोत्साहित करने के लिए एआईसीटीई डॉक्टोरल फेलोशिप योजना शुरू की गई है। इस योजना के अंतर्गत पूरे देश से आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं। इस वर्ष देश से मात्र 300 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। इसमें एमएमएमयूटी के पांच विद्यार्थी शामिल हैं।
चयनित छात्रों को एआईसीटीई नई दिल्ली से पीएचडी अध्ययन के लिए प्रतिमाह 37000 रुपये फेलोशिप मिलेगी। इसके अलावा सभी चयनित छात्रों को अन्य आकस्मिक व्यय के लिए 15000 रुपये प्रति वर्ष और सरकारी दरों के अनुसार प्रतिमाह आवास किराया 6000 दिया जाएगा। पीएचडी के तीसरे वर्ष में पहुंचने पर मासिक फेलोशिप 42000 रुपये हो जाएगी।
वर्जन
विश्वविद्यालय अनुसंधान और विकास के लिए कटिबद्ध है। उच्च गुणवत्ता के शोध के लिए कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उच्च गुणवत्ता के शोध से विद्यार्थियों, संस्थान, समाज के साथ राष्ट्र को लाभ मिलेगा। चयनित छात्रों को बधाई।
- प्रो. जेपी सैनी, कुलपति एमएमएमयूटी