सीएमओ ने चौरीचौरा सीएचसी का किया औचक निरीक्षण
गोरखपुर। सीएमओ डॉ. राजेश झा ने बुधवार को चौरीचौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो चिकित्सकों सहित पांच कर्मी अनुपस्थित मिले, जिनसे स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया।
सीएमओ ने सीएचसी के प्रसव कक्ष, लैब, फार्मेसी, अल्ट्रासाउंड कक्ष, विभिन्न वार्डों और नेत्र रोग विशेषज्ञ कक्ष का निरीक्षण किया। नेत्र रोग वार्ड में जाकर विजन फैसिलिटी की जांच की और खुद के विजन की जांच कराई। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न भवनों का भी मौका मुआयना किया और खाली पड़े कक्षों के उपयोग का निर्देश दिया।
सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि वहां संस्थागत प्रसव की स्थिति में सुधार आया है। सीएमओ ने निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में बाहर की दवा या जांच नहीं लिखी जानी चाहिए। अगर किसी प्रकार की दिक्कत आती है तो तुरंत उनको सूचित किया जाए। उपकरण खराब होने की दशा में भी त्वरित सूचना दी जानी चाहिए। सीएमओ ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. सर्वजीत प्रसाद को निर्देश दिया कि सीएचसी पर मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध गति से जारी रहनी चाहिएं।
उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश होनी चाहिए कि अवकाश के दिनों में भी मरीजों को आकस्मिक सेवाएं मिलती रहें। किसी भी सेवा के लिए किसी मरीज को अस्पताल से बाहर जाकर निजी सेवाएं न लेनी पड़ें। इस अवसर पर सभी चिकित्सा अधिकारी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से सहयोगी आदिल फखर भी प्रमुख तौर पर मौजूद रहे।
जल्द बढ़ेगी 50 बेड की सुविधा
सीएमओ ने बताया कि चौरीचौरा सीएचसी में 50 बेड अतिरिक्त की सुविधा के लिए भवन और उपकरण बढ़ाए गए हैं। इनके ऑपरेशनल होने पर 30 बेड पुराना मिलाकर 80 बेड की सुविधा मिलने लगेगी। इससे ग्रामीण इलाके के लोगों को गोरखपुर शहर नहीं आना पड़ेगा। सीएमओ ने बताया कि विस्तारीकरण कार्य को जल्द पूरा करा दिया जाएगा।