खोराबार इलाके में घेराबंदी के दौरान भाग गए थे तस्कर
गोरखपुर। खोराबार इलाके में पुलिस ने रविवार को पांच पशु तस्करों को क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पहचान खजनी इलाके के भीटी खोरिया निवासी बृजभूषण पांडेय उर्फ मोनू, बांसगांव के पीढ़ीयां निवासी शुभम चौहान, बांसगांव के बरपार निवासी अंकित गौड़, बसौली बुजुर्ग निवासी अमित चौहान व बरपार निवासी संदीप सिंह के रूप में हुई। विगत दिनों पुलिस को चकमा देकर तस्कर भाग गए थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह कुशीनगर से देवरिया होते हुए पशुओं को लेकर छपरा बिहार चले जाते थे। वहां पर पशुओं को बेचकर आते थे। इसके पहले भी आरोपी खजनी थाने से जेल जा चुके हैं। जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से तस्करी करने लगते थे। खोराबार एसओ इत्यानंद पांडेय की टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि 27 जून को रामनगर कड़जहां के पास पशु तस्करों के आने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने रात में ही घेराबंदी की तो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग गए थे। इस दौरान पुलिस ने पशु लदे पिकअप को बरामद कर लिया था। केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। अब पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।