सरहरी में सिलिंडर में आग से फ्रीज और अन्य सामान जले, महिला झुलसी
सरहरी (गोरखपुर)। गुलरिहा थाना क्षेत्र के सरहरी चौकी अंतर्गत मंगलपुर गांव के पचगावां टोला में सोमवार की देर शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मनीष पांडेय के घर में खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में आग लग गई, जिससे किचेन में रखे फ्रीज सहित अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए।
जानकारी के अनुसार, घर की महिलाएं भाभी निधि पांडेय और बहन सुमन सोमवार शाम किचेन में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलिंडर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही दोनों महिलाएं शोर मचाते हुए किचेन से बाहर भागीं। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान किसी ने सरहरी चौकी पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी सूचना दे दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी के आने से पहले ही ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
आग में निधि पांडेय के हाथ और पैर झुलस गए हैं। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। सरहरी चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है।