चौरीचौरा क्षेत्र के बाल बुजुर्ग गांव में हुआ विवाद, एक की हालत गंभीर
चौरीचौरा। क्षेत्र के बाल बुजुर्ग गांव में शनिवार की शाम जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में रेलवे सुरक्षा बल के रिटायर्ड दरोगा समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के बाल खुर्द निवासी एक व्यक्ति व बाल बुजुर्ग निवासी दीप नारायण यादव के बीच जमीन को लेकर विवाद है। दीप नारायण ने बताया कि शनिवार को दूसरे पक्ष के लोगों ने मेढ़ को तोड़ दिया। विरोध करने पर धमकी दी। इसके बाद शाम पांच बजे के करीब विरोधी अपने 15-20 लोगों के साथ रॉड, डंडा लेकर आया और बुरी तरह मारपीट कर घायल कर दिया। घटना में दीप नारायण यादव (60), सेवानिवृत्त रेलवे दरोगा रमाकांत यादव (70), प्रभाकर यादव व अभय प्रताप यादव घायल हो गए। इसमें अभय को गंभीर चोटें आई हैं। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि दीप नारायण यादव की तरफ से तहरीर मिली है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। घटना में जो लोग शामिल थे, उनमें से कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।