गोरखपुर। फर्टिलाइजर कैंपस स्थित निराश्रित, घायल एवं बीमार गोवंश उपचार केंद्र में अब व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जाएंगी। नगर निगम ने केंद्र के सुधार कार्यों के लिए 15,09,676 रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें से 6,74,253 रुपये से एंटी-बर्ड नेट और टिन शेड की मरम्मत कराई जाएगी। ताकि घायल गोवंश को चील-कौवों से बचाया जा सके। वहीं, फर्श की मरम्मत, बाउंड्री वॉल की ऊंचाई बढ़ाने और पेंटिंग कार्य पर 8,35,423 रुपये खर्च किए जाएंगे।
नगर निगम ने इन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है लेकिन काम अभी शुरू नहीं हो पाया है। बताया गया कि 17 सितंबर को बजरंग दल के पदाधिकारियों राहुल यादव और विकास यादव ने केंद्र का निरीक्षण कर वहां की दुर्दशा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इससे पहले पशु कल्याण कार्यकर्ता शिवेंद्र यादव ने भी प्रबंधन पर सवाल उठाए थे। मेयर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव और नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने निरीक्षण के दौरान बाउंड्री वॉल ऊंची कराने, वायर फेंसिंग, शेड में फैन लगाने और परिसर में पौधारोपण के निर्देश दिए थे। केंद्र पर अब 6 काउ लिफ्टर मशीनें, फैन, टेबल-कुर्सियां और सफाई के लिए रोस्टर प्रणाली लागू की गई है।