गोरखपुर। रामगढ़ताल के कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले नौ बच्चों के पिता बाबूद्दीन अंसारी (50) की दूसरी पत्नी फूलजंहा खातून (35) चार बच्चों के साथ कहीं चली गई। पति का कहना है कि दिन भर वह घर पर बैठकर इंस्टाग्राम पर रील्स बनाती थी। इस दौरान किसी से दोस्ती हो गई, उसके साथ ही वह चली गई है। पीड़ित पति की तहरीर पर रामगढ़ताल थाने की पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर महिला के नंबर की सीडीआर निकलवा रही है।
थाने में तहरीर देकर बाबूद्दीन ने बताया कि 10 नवंबर को शाम चार बजे पत्नी गई है। मोबाइल नंबर पर कॉल करने पर स्वीच ऑफ बता रहा है। पत्नी अपने साथ चार बच्चे मुस्कान (13), रिजवान (08), नाजिया (06) और डेढ़ वर्ष के आरिफ को भी ले गई है। बाबूद्दीन कुशीनगर हाटा सुकारौली के पडरी सेखपुरवा के मूल निवासी हैं। कांशीराम काॅलोनी में किराए के घर में रहकर वह ऑटो चलाते हैं। वह खुद तो कीपैड वाला छोटा मोबाइल चलाते हैं। पत्नी का मंहगा वाला एंड्रॉयड मोबाइल फोन दिया था। पति का आरोप है कि वह दिन भर अपनी एक महिला मित्र के साथ रील्स बनाती थी। सोशल मीडिया पर ही किसी दोस्त ने उसे बहलाकर फुसलाकर घर से भगाया है।
पहली पत्नी से हैं पांच बच्चे
बाबूद्दीन ने बताया कि 30 साल पहले पहली शादी हुई थी। उससे पांच बच्चे हैं। 12 साल पहले दूसरी शादी भदोही की फूलजहां से रचाई थी। फूलजहां रामगढ़ताल इलाके में ही एक निजी हॉस्पिटल में काम करती थी। उससे चार बच्चे हैं। वर्तमान में वह दूसरी पत्नी के साथ कांशीराम काॅलोनी में बच्चों के साथ रह रहे थे। बच्चे प्राथमिक स्कूल में पढ़ रहे थे। बाबूद्दीन का कहना है कि पत्नी और बच्चों के साथ कुछ भी गलत हो सकता है।