एमएमएमयूटी के छात्र काे रूममेट ने से ईंट से मारकर कर दिया घायल
एम्स के दंत शल्य विभाग की मैक्सिलोफेशियल यूनिट में हुआ ऑपरेशन
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में प्रयागराज निवासी बीटेक के छात्र शिवांश को रूममेट आशीष कुमार ने दो जनवरी को ईंट से हमला कर घायल कर दिया था। इस हमले से उसकी चेहरे की हड्डियों पूरी तरह से टूट चुकीं थीं। इससे उसका चेहरा टेढ़ा हो गया था। बुधवार को एम्स के दंत शल्य विभाग की मैक्सिलोफेशियल यूनिट में सफल ऑपरेशन किया गया। स्क्रू और प्लेट से जबड़े और चेहरे की हड्डियों को जोड़ने के साथ ही सिर के घावों को दूर करने के लिए 20 टांके लगाए गए हैं।
प्रयागराज निवासी 19 वर्षीय बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र शिवांश विश्वविद्यालय के छात्रावास में रहकर अध्ययन कर रहा था। छात्रावास में दो जनवरी को उसके रूममेट आशीष ने ईंट से हमला कर दिया था, जिसमें छात्र के चेहरे, जबड़े और सिर में गंभीर चोटें आईं। उसे एम्स की इमरजेंसी में लाया गया था। प्रारंभिक जांच में चेहरे की हड्डियों के कई स्थानों पर फ्रैक्चर और सिर में गहरी चोटें पाई गईं थीं। छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शैलेश कुमार ने एनेस्थीसिया टीम के सहयोग से तत्काल बुधवार को सर्जरी की।
तीन घंटे तक चली सर्जरी
ऑपरेशन में दंत विभाग के डॉ. श्रीनिवास, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. प्रियंका, डॉ. सुमित और डॉ. सौरभ के साथ एनेस्थीसिया विभाग से विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. संतोष शर्मा, डॉ. भूपिंदर सिंह एवं डॉ. सीमा की टीम मौजूद रहीं। लगभग तीन घंटे से अधिक समय तक चली इस जटिल सर्जरी में टूटी हुई जबड़े और चेहरे की हड्डियों को स्क्रू और प्लेट की सहायता से सफलतापूर्वक जोड़ा गया, साथ ही सिर में आए घावों को ठीक करने के लिए 20 से अधिक टांके लगाए गए। सर्जरी पूरी तरह सफल रही और वर्तमान में छात्र की स्थिति स्थिर है। दंत विभाग की मैक्सिलोफेशियल यूनिट में विशेषज्ञों की निगरानी में उपचार चल रहा है। कार्यकारी निदेशक विभा दत्ता ने इस सफल ऑपरेशन पर डॉ. शैलेश कुमार एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी।