पीपीगंज होते हुए हरपुर, पचगांव, मगरू और बढ़या चौक तक चलाई गई
गोरखपुर। परिवहन निगम ने गोरखपुर से पीपीगंज होते हुए हरपुर, पचगांव, मगरू और बढ़याचौक तक बस सेवा बुधवार से फिर से शुरू कर दी है। पहले यह सेवा यात्रियों की कमी और घुमावदार रास्ते की वजह से बंद कर दी गई थी।
अब मुख्यालय से 43 सीटर बस मिलने पर इस सेवा को दोबारा शुरू किया गया है। बस का संचालन गोरखपुर डिपो से प्रतिदिन किया जाएगा। नई व्यवस्था के अनुसार, बस गोरखपुर से शाम पांच बजे चलकर पीपीगंज, हरपुर, पचगांव और मगरू होते हुए छह बजे बढ़याचौक पहुंचेगी और वहीं रात में हाल्ट करेगी। अगले दिन सुबह सात बजे यह बस बढ़या चौक से रवाना होकर गोरखपुर आएगी और फिर उसी मार्ग से सोनौली तक संचालित होगी। गोरखपुर से बरगदवां तक का किराया 13 रुपये, जंगल कौड़िया तक 18 रुपये, पीपीगंज तक 26 रुपये, हरपुर तक 28 रुपये, पचगांव तक 31 रुपये, मगरू तक 33 रुपये और बढ़याचौक तक का किराया 35 रुपये तय किया गया है।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह ने बताया कि इस सेवा के शुरू होने से बढ़याचौक व आसपास के ग्रामीण अंचल के यात्रियों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने में काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही सोनौली मार्ग पर यात्रियों को बेहतर विकल्प भी उपलब्ध होगा।