खोराबार इलाके का मामला, बुजुर्ग की बड़ी बहू की तहरीर पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज
गोरखपुर। खोराबार इलाके में पत्नी से विवाद के बाद छोटे बेटे झीनक ने 70 वर्षीय मां मझिंद्रा देवी को बेरहमी से पीटकर अधमरा कर दिया। शराब के लिए रुपये मांगने पर जब मां ने इन्कार किया तो आरोपी ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में बुजुर्ग की बड़ी बहू की तहरीर पर बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
खोराबार थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी सीता देवी ने बताया कि उनका देवर झीनक गौड़ एक निजी स्कूल में बस चालक है। आरोप है कि झीनक की पत्नी अक्सर सास से झगड़ा करती है। छठ पूजा के लिए वह मायके चली गई थी। उसने जाने से पहले कहा था कि जब यह बुढ़िया मर जाएगी, तभी घर लौटूंगी। इसी बात से झीनक नाराज था। आरोप है कि रविवार देर रात करीब 1:30 बजे अपनी मां मझिंद्रा देवी (70) को लात-घूंसों और मुक्कों से पीटा। इससे उनके मुंह और नाक से खून बहने लगा और शरीर के कई अन्य हिस्सों में चोटें आईं। चीख पुकार सुनकर परिवार के लोगों ने बीच बचाव किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाप्रभारी ने घायल महिला को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
कोट
बड़ी बहू की तहरीर पर आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या की कोशिश की धारा में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
- अभिनव त्यागी, एसपी सिटी