ऑटो को जबरन रोका, चालकों से की बदसलूकी
ई-रिक्शा जोनवार बंटवारे का कर रहे थे विरोध, पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार
गोरखपुर। ई-रिक्शा के जोनवार निर्धारण का विरोध कर रहे चालकों ने सोमवार को सिविल लाइंस क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया। इस बीच शिकायत पर नेतृत्व कर रहे ई-रिक्शा चालकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
सोमवार को ई-रिक्शा चालकों ने जोनवार संचालन के विरोध में रैली निकाल प्रदर्शन किया और डीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। इसके बाद ई-रिक्शा चालक डीएम कार्यालय से निकलकर सिविल लाइंस के क्षेत्रीय खेल कार्यालय रोड से निकलने लगे। इस बीच कुछ ई-रिक्शा चालकों ने रोड पर ऑटो चालकों से बदसलूकी करनी शुरू कर दी। वह ऑटो को सड़क पर रोक चालकों से विवाद कर रहे थे। इस दौरान क्षेत्रीय खेल कार्यालय के सामने कुछ ई-रिक्शा चालकों ने ऑटो को भी पलट दिया। किसी ने पुलिस को सूचना दी तो वह मौके पर पहुंच गई। पुलिस के आने पर ज्यादातर ई-रिक्शा चालक भाग गए। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे शैलेंद्र कुमार यादव, जनार्दन प्रसाद चौरसिया और पवन गुप्ता को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया और वहां से कैंट थाने ले गई। जहां उनका शांतिभंग में चालान कर दिया गया। मेडिकल के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जमानत मिल गई।