- चौरीचौरा इलाके का मामला, पुलिस ने दो को हिरासत में लेकर शांतिभंग में किया चालान
चौरीचौरा। भोपा बाजार स्थित एक इंटरमीडिएट कॉलेज के पीछे कोर्ट के आदेश पर जमीन की पैमाइश करने गई राजस्व की टीम के सामने दो पक्ष भिड़ गए। मारपीट में महिला सुमन पटेल को चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे एक पक्ष के दो युवकों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान कर दिया।
बाल खुर्द निवासी अवधेश राय ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी के नाम से एक भूमि खरीदी थी। उस पर काफी दिनों से परमात्मा पटेल के परिवार से विवाद चल रहा था। इस पर उन्होंने जमीन की पैमाइश के लिए कोर्ट में याचिका दायर की थी। कोर्ट के आदेश पर शनिवार को राजस्व की टीम पुलिस फोर्स के साथ जमीन की पैमाइश करने पहुंची। उस दौरान अवधेश राय के जमीन का कुछ हिस्सा परमात्मा पटेल के कब्जे वाली भूमि में निकल गई। राजस्व की टीम ने वहां पत्थर लगा दिया।
आरोप है कि इससे नाराज परमात्मा पटेल के परिवारवालों ने विवाद शुरू कर दिया। विवाद में परमात्मा पटेल की बेटी सुमन पटेल के हाथ में चोटें आई। विवाद के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में जेल भेज दिया। इस दौरान तहसील के राजस्व निरीक्षक रामानंद यादव, हलका लेखपाल घनश्याम राय, मुंडेरा बाजार चौकी प्रभारी कृष्ण समेत अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे। इधर, पैमाइश के दौरान विवाद की सूचना पर नगर पंचायत के चेयरमैन सन्नी जायसवाल भी मौके पर पहुंचकर बीच बचाव किया। चौरीचौरा थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि जमीन पैमाइश के दौरान विवाद करने वाले आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है।