गीडा थाना पुलिस की तीन टीमें कर रही आरोपी की तलाश, छह से अधिक हिरासत में
गोरखपुर। फेरी लगाकर कपड़े बेचने वाले युवती से दुष्कर्म के आरोपी की तलाश में गीडा थाना पुलिस की तीन टीमें दबिश दे रही हैं। आरोपी की लोकेशन संतकबीरनगर जिले में मिली है। इधर, पुलिस ने पूछताछ के लिए छह से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र की युवती जीविका चलाने के लिए फेरी लगाकर साइकिल से कपड़े बेचती है। वह गीडा थाना क्षेत्र में किराए पर रहती है। शुक्रवार को हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र में कपड़े बेचने गई थी। जहां से लौटते समय आमी नदी के फरसा डार पुल पर पहले से घात लगाकर बैठे पन्ने नाम के युवक ने उसे रोका और झाड़ियों में खींचकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि उसने पिटाई भी की। पीड़िता ने राहगीरों की मदद से घटना की जानकारी पुलिस को दी। एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हरपुर-बुदहट के बढ़यावीर गांव के रहने वाले पन्ने की तलाश चल रही है। पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।