पीपीगंज क्षेत्र के भुईधरपुर की बुजुर्ग की सिर काटकर कर दी गई थी हत्या
पुलिस चार बार खोजी कुत्ता ले गई, घर के आसपास ही घूमता रहा
गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र के भुईधरपुर की कलावती यादव (60) की सिर काटकर हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान पुलिस चार बार खोजी कुत्ते को लेकर गई। हर बार कलावती का कपड़ा सूंघने के बाद वह घर के आसपास घूमने लगता है। इससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि गांव में ही कलावती की हत्या की गई है। पुलिस को कुछ करीबियों पर भी शक है। उनसे जल्द पूछताछ की जाएगी।
पुलिस के खोजी कुत्ता टोनी को कलावती के कपड़े सुंघाए गए थे। इसके बाद वह बार-बार कलावती के घर और आस-पास घूम रहा था। इसलिए पुलिस ने पड़ोस में ही रहने वाले दो तांत्रिकों से पूछताछ की थी। घटना का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की सर्विलांस, क्राइम ब्रांच, एंटी थेफ्ट और थाने की टीम को लगाया गया है।
भुईधरपुर गांव से सटे चौराहे पर पुलिस ने कैंप कार्यालय भी बनाया है। वहां पर एक-एक कर करीब 200 लोगों को बुलाकर पूछताछ की गई। उनका बयान नोट किया गया। वहीं, गांव के आस-पास के करीब 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले गए हैं। इसमें कलावती गांव से बाहर जाती नहीं दिखी हैं। यही कारण है कि अभी तक पुलिस किसी नतीजे तक नहीं पहुंच पाई है।
एसपी नॉर्थ जितेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
एक झटके में काटा गला
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि एक झटके में महिला का सिर काटा गया है। कहीं और संघर्ष के निशान भी नहीं मिले। डॉक्टरों ने बताया- ऐसा लग रहा है कि बेहोश करके गर्दन काटी गई है। तभी एक बराबर से गर्दन कटकर अलग हो गई है। पुलिस का मानना है कि किसी करीबी ने ही हत्या कर लाश को फेंक दिया होगा।
यह है मामला
26 सितंबर सुबह एक महिला की सिर कटी लाश मिली थी। उसका सिर धड़ से अलग पड़ा था। चेहरा जमीन में धंसा था। इससे उसकी पहचान भी नहीं हो रही थी। शव के पास से एक हंसिया भी पड़ा मिला। सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने लाश देखकर पुलिस को सूचना दी। मृतका की पहचान 60 वर्षीय कलावती यादव के रूप में हुई थी। वह भुईधरपुर ग्राम पंचायत की रहने वाली थीं। पति दर्शन यादव की पहले ही मौत हो चुकी है। महिला के दो बेटे और एक बेटी है। बड़े बेटे राजेश की शादी हो चुकी है, जबकि छोटे बेटे जितेंद्र की चार दिसंबर को शादी होनी है। बेटी की भी शादी हो चुकी है। कलावती का शव उनके घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में पड़ा मिला था।