डीआईजी, डॉ. एस चनप्पा,
- फोटो : अमर उजाला
जिले में बड़े मामले जिनका अभी पर्दाफाश नहीं हो सका है, उनकी अब नए सिरे से जांच होगी। डीआईजी एस चनप्पा चौरीचौरा डबल मर्डर और डिलीवरी बॉय मर्डर समेत बड़ी घटनाओं की सूची तैयार करा रहे हैं। डीआईजी ने पुलिस को निर्देश दिया है कि ऐसी घटनाओं का जल्द पर्दाफाश कर आरोपियों को जेल भिजवाया जाए।
चौरीचौरा में 29 मार्च की देर रात करीब 1:30 बजे मां-बेटी पूनम (45) और उनकी बेटी अनुष्का (13) की गड़ासे से मारकर हत्या की गई थी। दोहरे हत्याकांड में पूनम की बड़ी बेटी खुशबू की तहरीर पर गांव के ही संजय उर्फ शैलेंद्र, उसके पिता कोटेदार सरजू, भाई सुरेंद्र और दो अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया गया था।
जांच शुरू हुई तो एक भी साक्ष्य आरोपियों के खिलाफ पुलिस को नहीं मिले। साक्ष्य नहीं मिलता देख पुलिस ने अपनी जांच दोहरे हत्याकांड से जुड़े उनके करीबियों पर टिका दीं। अभी तक उनके खिलाफ भी कोई सुबूत नहीं मिले हैं।
घटना वाली रात को संजय घर से ही गिरफ्तार हुआ था। हत्या की मुख्य गवाह खुशबू, संजय व उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगा रही है। 90 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस मामले में चार्जशीट दाखिल नहीं कर पाई।
डिलीवरी बॉय की गोली मारकर हुई थी हत्या
सहजनवां के कोमा बाग (भैंसला) के पास 14 नवंबर 2024 की सुबह खून से लथपथ युवक का शव मिला था। बदमाशों ने सिर में गोली मारकर हत्या की थी। शव के पास ही बिना नंबर की एक बाइक खड़ी मिली थी। युवक की पहचान क्षेत्र के सीहापार निवासी 32 वर्षीय धीरेंद्र दुबे उर्फ विशाल के रूप में हुई जो जोमैटो में डिलीवरी बॉय था। फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस टीम ने छानबीन की लेकिन इस केस का पर्दाफाश आज तक नहीं हो सका है।
जिले में पुरानी घटनाएं जिनका पर्दाफाश नहीं हो सका है, उसकी सूची तैयार कराई जा रही है। पुलिस नए सिरे से इनकी जांच करेगी। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को पुलिस जेल भिजवाएगी: एस चनप्पा, डीआईजी