गोरखपुर। मानक के विपरीत नाला निर्माण के विरोध में बुद्ध बिहार पार्ट-सी के नागरिकों ने विरोध प्रदर्शन करके जीडीए उपाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। नागरिकों का कहना है कि जीडीए ने मानचित्र में घरों ओर दुकानों के सामने नौ मीटर चौड़ी सड़क दी है। जबकि नाला निर्माण नियमानुसार न होने से सड़क की चौड़ाई कम हो रही है। इससे आगे चलकर यातायात की समस्या होगी। सड़क पर जाम लगेगा और आए दिन दुर्घटनाएं भी होंगी।
उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन से मिलकर नागरिकों ने बताया कि बुद्ध बिहार में पार्ट सी में पीडब्ल्यूडी की ओर से केबिल तार के लिए डक्ट एवं ड्रेनेज के लिए नाला निर्माण हो रहा है। दोनों के बीच में लगभग चार फिट का गैप आ रहा है। चार फीट का अंतर होने से सर्विस रोड की चौड़ाई कम हो गई है। नागरिकों ने उपाध्यक्ष से निरीक्षण कर समस्या के समाधान की मांग की है। इसी क्रम में नागरिकों ने बताया कि देवरिया बाईपास पर बुद्ध बिहार पार्ट बी में प्राधिकरण का पार्क जीर्णशीर्ण स्थिति में है। पार्क की बाउंड्री टूटने से यह पशुओं के लिए चारागाह बना हुआ है। पार्क में लाइट की व्यवस्था नहीं होने से रात में अराजक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। नागरिकों ने पार्क का जीर्णोद्धार कराने की मांग की है। इस दौरान रोहित सिंह, आनंद कुमार पांडेय, अनीता सिंह, विनोद कुमार, आशुतोष आदि उपस्थित रहे।
जीडीए ने नौ मीटर चौड़ा रोड दिया है। जबकि पीडब्ल्यूडी उसी नौ मीटर में डक और नाला निर्माण करा रहा है। जिसका विरोध किया जा रहा है। इससे सड़क पतली हो जाएगी। यातायात की समस्या होगी।
- रोहित सिंह, निवासी बुद्धबिहार पार्ट सी
पीडब्ल्यूडी की ओर से निर्माण कराए जा रहे नाला और डक्ट के बीच में जगह-जगह दो से तीन फिट की जगह छोड़ी जा रही है। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो रही है। आगे जाम और दुर्घटना की समस्या देखने को मिलेगी।
- विजय कुमार पांडेय, निवासी, बुद्ध बिहार पार्ट सी