सहजनवां। गीडा के हरैया में फर्जी आधार कार्ड और दूसरी महिला खड़ी कर जमीन का बैनामा करा लिया गया। जानकारी होने पर हरैया निवासी दुर्गेश ने गीडा थाने में तहरीर दी। जांच करते हुए पुलिस ने कैंट थाना क्षेत्र के अलहदादपुर निवासी विनीता सिंह और उसके सहयोगी गोविंद और अर्जुन के विरुद्ध जालसाजी का केस दर्ज किया है।
हरैया के दुर्गेश ने तहरीर में बताया कि गांव में उसकी मां राजपति देवी के नाम से जमीन है। आरोपियों ने फर्जी आधार और कूटरचित दस्तावेज तैयार करके दूसरी महिला को उसकी मां की जगह खड़ा कर दिया। इसके बाद आरोपी विनीता सिंह ने फर्जी तरीके से गोविंद व अर्जुन के नाम से जमीन का बैनामा कर दिया। राजस्व विभाग से मिलीभगत कर खतौनी में भी नाम चढ़वा लिया। सीओ गीडा प्रशाली गंगवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है।