सहजनवां थाना क्षेत्र का मामला, हमले में सिर की चोट के बाद से बीमार चल रहे थे सुदर्शन
पाली (गोरखपुर)। सहजनवां थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में छह वर्ष पुराने जानलेवा हमले का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। हमले में गंभीर रूप से घायल सुदर्शन (43) की शनिवार रात मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि सुदर्शन की मौत हमले में सिर पर चोट लगने के कारण हुई है। परिवार अब आरोपियों के खिलाफ केस में हत्या की धारा जोड़ने की मांग कर रहा है।
गांव निवासी महेंद्र ने सहजनवां थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वर्ष 2019 में उनके भतीजे सुदर्शन और प्रकाश पर गांव के ही कुछ लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। इस मामले में थाना सहजनवां में हमलावरों के खिलाफ डकैती और हत्या की कोशिश की धारा में केस दर्ज किया गया था। हमले में सुदर्शन को सिर पर गंभीर चोट आई थीं, जिसके बाद से उनकी सेहत कभी पूरी तरह ठीक नहीं हो सकी। वारदात के बाद से सुदर्शन कई अस्पतालों में इलाज कराते रहे। पहले हैदराबाद में इलाज चला फिर हालत खराब होने पर लखनऊ रेफर किया गया। कुछ समय गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भी भर्ती रहे। हालत में सुधार न होने पर दोबारा लखनऊ ले जाते समय फैजाबाद के पास रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों के मुताबिक, सुदर्शन की पत्नी विद्या और उनके पांच बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी का कहना है कि पति छह साल से दर्द झेल रहे थे। अब हमें इंसाफ चाहिए। पुलिस प्रशासन से आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है। थाना प्रभारी सहजनवां महेश कुमार चौबे ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन है, रिपोर्ट के आधार पर उचित धाराएं जोड़ी जाएंगी।