लखनऊ मंडल में 331 और वाराणसी मंडल में 423 सोलर पैनल लगेंगे
अंधेरे में नहीं रहेंगे क्राॅसिंग, सड़क पार करने वालों को होगी सुविधा
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के सभी रेलवे क्राॅसिंग अब सोलर लाइट (सौर ऊर्जा) से जगमगाएंगे। बिजली गुल होने पर भी अंधेरा नहीं रहेगा। वहां तैनात गेटमैन को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। रेलवे प्रशासन ने इसकी कवायद शुरू कर दी है। इस साल पूर्वाेत्तर रेलवे के 754 क्राॅसिंग पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। क्राॅसिंग के दोनों गेट पर भी लाइटें लगाई जाएंगी ताकि क्राॅसिंग पार करने वालों को दिक्कत न हो सके।
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन के मुताबिक, लखनऊ मंडल में 331 और वाराणसी मंडल में 423 सोलर पैनल इस साल लगाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके पहले 345 स्टेशनों पर लगाए गए हैं। इसमें लखनऊ मंडल में 70, वाराणसी में 173 और बरेली (इज्जतनगर) में 102 रेलवे क्राॅसिंग शामिल हैं।
सभी जगहों पर 640 वाट क्षमता वाले सोलर पैनल (बैट्री बैकअप के साथ) लगाए जाएंगे। दरअसल, ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश रेलवे क्राॅसिंग पर लाइट होने से हादसे का डर रहता है। सोलर पैनल लगने से रेलवे क्राॅसिंग पर उजाला रहेगा। साथ ही रेलवे क्रासिंग पर लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरे और गेटमैन के केबिन में वायस रिकॉर्डर भी सोलर पैनल से ही चलेंगे।
वर्जन
पूर्वोत्तर रेलवे में गैर पारंपरिक ऊर्जा स्रोत सौर ऊर्जा का उपयोग का बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। इसी क्रम में समपारों पर भी सोलर पैनल लगाए जाने का कार्य किया जा रहा है। अभी तक 345 समपारों पर कुल 163.19 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित किया गया है।
-पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ, एनईआर