माध्यमिक विद्यालयी जनपद स्तरीय अंडर-19 बालक वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता
गोरखपुर। राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर माध्यमिक विद्यालयी जनपद स्तरीय अंडर-19 बालक वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार को खेला गया। इसमें महानगर की टीम ने खजनी को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए महानगर की टीम ने निर्धारित आठ ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 80 रन का स्कोर खड़ा किया। 81 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए खजनी की टीम 7 विकेट 56 रन ही बना सकी। महानगर की टीम 24 रनों से यह फाइनल मुकाबला जीत लिया। इसके पहले सेमीफाइनल का मुकाबला खजनी बनाम चौरीचौरा एवं महानगर बनाम गोला के बीच में खेला गया। महानगर की टीम और खजनी की टीम सेमी फाइनल मैच जीतकर फाइनल में पहुंची। इससे पूर्व फाइनल मुकाबले का उद्घाटन महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के पूर्व क्रीड़ाध्यक्ष कृष्णकांत यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया। अंत में विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी व पुरस्कार वितरण विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विश्व प्रकाश सिंह ने किया। इस अवसर पर क्रीड़ा अध्यक्ष अरुणेंद्र राय, नीलम, ओम प्रकाश दुबे, केके जायसवाल, आलोक श्रीवास्तव, अमीरुद्दीन अंसारी, शैलेश सिंह आदि मौजूद रहे।