खोराबार थानाक्षेत्र के तालकंदला स्थित नाले में मिला शव
गोरखपुर। खोराबार थानाक्षेत्र के तालकंदला स्थित झुनझुन नाला में बुधवार सुबह बावर्ची (खाना बनाने वाला) जोखू उर्फ राजू (65) का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं, परिजनों ने हत्या करके शव को फेंके जाने की आशंका जाहिर की है। हालांकि, किसी से दुश्मनी से इन्कार किया है।
मूलरूप से बलिया के एक ठेकेदार के यहां पर जंगल सिकरी के केवटान टोला निवासी जोखू उर्फ राजू बावर्ची का काम करते थे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे घर से भंडारा में खाना बनाने के लिए निकले थे। लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। परिजन उनकी तलाश में थे कि इसी बीच बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे राहगीरों ने झुनझुन नाला के पानी में शव देखा और पीआरवी को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इसी बीच उसके परिजन भी पहुंच गए। पास के ही बागीचे में जोखू का सामान मिल गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। जबकि पुलिस को आशंका है कि शराब पीकर गिरने से मौत हुई है। मृतक सात बेटों का पिता था। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि मौत की वजह जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। शरीर पर चोट के निशान नहीं दिख रहे थे। जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।